रायपुर क्षेत्र में वृद्ध महिला की हत्या की गुत्थी दून पुलिस ने महज 12 घंटे में सुलझाते हुए उसके घर पर काम करने वाले नौकर को गिरफ्तार कर लिया। बकाया पैसों के लेन-देन को लेकर वृद्धा और आरोपी के बीच विवाद हुआ था। वृद्धा के चिल्लाने पर पकड़े जाने के डर से आरोपी ने उसका मुंह और नाक हाथ से दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी मृतका के हाथ में पहना सोने का कड़ा लेकर फरार हो गया था।

घटना की सूचना मिलते ही मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और घटना की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को जल्द से जल्द हत्याकांड का खुलासा करने के निर्देश दिए।

पुलिस ने जांच के दौरान संदिग्धों से पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मृतका के घर पर काम करने वाले नौकर को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार कर ली। पुलिस के अनुसार, आरोपी का मृतका से बकाया पैसों को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान वृद्धा के शोर मचाने पर उसे डर हुआ कि वह पकड़ा जाएगा। इसके बाद उसने वृद्धा का मुंह और नाक दबा दिया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई।

हत्या के बाद आरोपी मृतका के हाथ में पहना सोने का कड़ा लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस से बचने के लिए उसने अपने पहने हुए कपड़े भी बदल दिए थे। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मृतका से लूटा गया सोने का कड़ा बरामद कर लिया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।