मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने राज्य में सभी सरकारी व गैर-सरकारी भवनों की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए व्यापक स्तर पर सर्वे और सुरक्षा ऑडिट कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि संभावित अग्नि दुर्घटनाओं को समय रहते रोका जा सके।
मुख्य सचिव ने सभी सचिवों और जिलाधिकारियों को आदेश दिया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष रूप से ऊंचे भवनों, भीड़भाड़ वाले स्थानों, असुरक्षित निकासी मार्ग वाले परिसरों तथा तंग गलियों में स्थित इमारतों का अनिवार्य रूप से स्थलीय निरीक्षण करें। इस अभियान का उद्देश्य उन सभी स्थानों की पहचान करना है जहां अग्नि सुरक्षा मानकों में कमी है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सभी विभागीय सचिव अपने-अपने विभागों और संबंधित सेक्टरों में व्यापक अग्नि सुरक्षा ऑडिट सुनिश्चित करें। सर्वे के बाद सभी भवनों में निर्धारित फायर सेफ्टी मानकों का पालन अनिवार्य रूप से कराया जाए।
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि निरीक्षण और ऑडिट के बाद किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो और सभी सुरक्षा नियमों का पूरी गंभीरता से पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि भविष्य में किसी भी संभावित अग्नि दुर्घटना के जोखिम को पूरी तरह समाप्त किया जा सके।
