प्रदेश में महंगाई, बेरोजगारी, महिलाओं की सुरक्षा और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों को लेकर कांग्रेस 28 जून से ‘परिवर्तन संकल्प सम्मेलन’ अभियान शुरू करेगी। पार्टी ने पहले चरण में पर्वतीय विधानसभा क्षेत्रों को चुना है, जहां कार्यकर्ता सम्मेलन, जनसभाएं, संवाद कार्यक्रम और धरना-प्रदर्शन आयोजित किए जाएंगे। यह जानकारी प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह और प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने संयुक्त रूप से दी।
चार जोन में बांटा गया अभियान
प्रीतम सिंह ने बताया कि अभियान को चार जोन में विभाजित किया गया है। पहले जोन में चंपावत, लोहाघाट, पिथौरागढ़, डीडीहाट, धारचूला, गंगोलीहाट, बागेश्वर और कपकोट विधानसभा क्षेत्र शामिल किए गए हैं। इस जोन का कार्यक्रम 28 जून से 2 जुलाई तक चलेगा।
दूसरे जोन में गढ़वाल की सीटों पर फोकस
दूसरे जोन की जिम्मेदारी चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत को सौंपी गई है। इस क्षेत्र में यमकेश्वर, कोटद्वार, लैंसडाउन, चौबट्टाखाल, श्रीनगर, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, केदारनाथ, बदरीनाथ, थराली और कर्णप्रयाग विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं। यहां कार्यक्रम 28 जून से 7 जुलाई तक आयोजित होंगे।
तीसरे जोन की कमान प्रीतम सिंह के हाथ
तीसरे जोन में पुरोला, यमुनोत्री, गंगोत्री, प्रतापनगर, घनसाली, टिहरी, नरेंद्रनगर, देवप्रयाग और धनोल्टी विधानसभा क्षेत्र शामिल किए गए हैं। इस जोन का अभियान भी 28 जून से शुरू होकर 7 जुलाई तक चलेगा।
कुमाऊं क्षेत्र में चौथा जोन करेगा अभियान
चौथे जोन की जिम्मेदारी पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा को सौंपी गई है। इसमें हल्द्वानी, लालकुआं, कालाढूंगी, भीमताल, नैनीताल, रामनगर, जागेश्वर, अल्मोड़ा, सोमेश्वर, द्वाराहाट, रानीखेत और सल्ट विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं। यहां कार्यक्रम 29 जून से 9 जुलाई तक आयोजित किए जाएंगे।
हर विधानसभा में होंगे सम्मेलन और जनसभाएं
कांग्रेस नेताओं ने बताया कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में कार्यकर्ता सम्मेलन, जनसभाएं, जनसंवाद और धरना-प्रदर्शन आयोजित किए जाएंगे। साथ ही कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद स्थापित कर संगठन को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा। वरिष्ठ नेता हरीश रावत और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य भी किसी भी जोन के कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं।
सरकार पर लगाए भ्रष्टाचार और पक्षपात के आरोप
प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार में डूबी हुई है और प्रदेश के संसाधनों पर भाजपा समर्थित लोगों का कब्जा है। उन्होंने कहा कि खनन पट्टों और क्रशर संचालन में भी पक्षपात किया जा रहा है तथा भाजपा का समर्थन न करने वालों के साथ भेदभाव किया जा रहा है।
भ्रष्टाचार मामलों में बड़े नाम उजागर करने की मांग
पत्रकारों के सवालों के जवाब में गणेश गोदियाल ने कहा कि भ्रष्टाचार के मामलों में छोटे कर्मचारियों को बलि का बकरा बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को सामने आकर बड़े जिम्मेदार लोगों के नाम उजागर करने चाहिए। उन्होंने भाजपा नेताओं को जनता के सवालों का जवाब देने की भी नसीहत दी।
जल्द मैदानी क्षेत्रों में भी चलेगा अभियान
कांग्रेस नेताओं ने बताया कि फिलहाल कार्यक्रम पर्वतीय विधानसभा क्षेत्रों के लिए तय किया गया है। आगामी चरण में ऊधमसिंह नगर, हरिद्वार, देहरादून, विकासनगर समेत मैदानी क्षेत्रों के लिए भी अलग कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जाएगी।
कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
पत्रकार वार्ता में प्रदेश महामंत्री राजेंद्र शाह, राजेंद्र भंडारी, नवीन जोशी, प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह, अभिनव थापर, सुनीत राठौड़ सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद रहे।

