विश्व के सबसे ऊंचाई पर स्थित शिवालय तृतीय केदार भगवान तुंगनाथ और चंद्रशिला ट्रैक को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के उद्देश्य से वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। यह अभियान तुंगनाथ मंदिर के मुख्य पुजारी अभिषेक मैठाणी की अपील पर आयोजित किया गया, जिसमें स्थानीय प्रशासन, पुलिस और श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।
पुलिस, मंदिर समिति और व्यापार मंडल ने निभाई सक्रिय भूमिका
मुख्य पुजारी की पहल को समर्थन देते हुए ऊखीमठ कोतवाली पुलिस, नगर पंचायत ऊखीमठ के कर्मचारियों, तुंगनाथ मंदिर समिति के पदाधिकारियों तथा तुंगनाथ व्यापार मंडल के सदस्यों ने अभियान में सक्रिय सहयोग किया। देश-विदेश से दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालु और पर्यटक भी इस अभियान का हिस्सा बने।
ट्रैक और मंदिर परिसर से एकत्र किया गया कचरा
स्वच्छता अभियान के दौरान चोपता से लेकर चंद्रशिला ट्रैक और तुंगनाथ मंदिर परिसर के आसपास फैले प्लास्टिक, पानी की बोतलों, रैपर्स और अन्य कूड़े-करकट को एकत्रित किया गया। एकत्र किए गए कचरे को बोरों में भरकर उचित निस्तारण के लिए चोपता स्थित घोड़ा स्टैंड के पास पहुंचाया गया।
रुद्रप्रयाग पुलिस की कार्यशैली की हुई सराहना
मुख्य पुजारी अभिषेक मैठाणी, मंदिर समिति के पदाधिकारियों, स्थानीय व्यापारियों और श्रद्धालुओं ने अभियान में रुद्रप्रयाग पुलिस की सक्रिय भागीदारी और सहयोग की सराहना की। सभी ने पुलिस के त्वरित सहयोग और स्वच्छता अभियान में निभाई गई भूमिका के लिए आभार व्यक्त किया।
ग्राम प्रधान समेत कई लोगों ने दिया सहयोग
अभियान को सफल बनाने में ग्राम प्रधान मक्कू सुनीता मैठाणी सहित स्थानीय लोगों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सभी ने मिलकर पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने का प्रयास किया।
पर्यावरण संरक्षण का दिया सकारात्मक संदेश
मुख्य पुजारी की अपील पर आयोजित इस अभियान ने देवभूमि आने वाले तीर्थयात्रियों और पर्यटकों के बीच स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का सकारात्मक संदेश पहुंचाया। अभियान के माध्यम से लोगों को प्राकृतिक धरोहरों और धार्मिक स्थलों को स्वच्छ बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।
