मौसम विभाग ने बुधवार शाम उत्तराखंड के सात जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार अगले तीन घंटों के दौरान देहरादून, रुद्रप्रयाग, टिहरी गढ़वाल, उत्तरकाशी, अल्मोड़ा, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर जिलों के कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ अत्यधिक बारिश, ओलावृष्टि, आकाशीय बिजली गिरने तथा तेज हवाएं चलने की प्रबल संभावना है।
60 किलोमीटर प्रति घंटे तक चल सकती हैं हवाएं
मौसम विभाग के अनुसार प्रभावित क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि कुछ स्थानों पर हवा की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। खराब मौसम के चलते जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
इन क्षेत्रों के लिए विशेष चेतावनी
विभाग ने बड़कोट, पुरोला, चम्याला, घनसाली, रानीखेत, मटेना, दियाण, मुक्तेश्वर तथा आसपास के क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। इन क्षेत्रों में तेज गर्जन, बिजली चमकने और ओलावृष्टि की घटनाएं हो सकती हैं।
लोगों को सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने, खुले क्षेत्रों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने तथा अनावश्यक यात्रा नहीं करने की अपील की है। किसानों और पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भी विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
प्रशासन को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश
संभावित मौसमीय गतिविधियों को देखते हुए संबंधित जिलों के प्रशासन को सतर्क रहने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
