राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के प्रस्तावित दो दिवसीय उत्तराखंड भ्रमण को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने बुधवार को उच्चस्तरीय बैठक कर सभी संबंधित विभागों की तैयारियों की समीक्षा की और राष्ट्रपति के आगमन से लेकर प्रस्थान तक सभी व्यवस्थाएं त्रुटिरहित रखने के निर्देश दिए।

12 जून को पहुंचेंगी राष्ट्रपति निकेतन

प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 12 जून 2026 को देहरादून स्थित राष्ट्रपति निकेतन पहुंचेंगी। इसके बाद 13 जून को भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगी और कार्यक्रम समाप्त होने के बाद दिल्ली के लिए रवाना होंगी।

व्यवस्थाओं की समीक्षा को हुई उच्चस्तरीय बैठक

राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सभी व्यवस्थाओं को समय रहते पूरा करने के निर्देश दिए।

विद्युत, पेयजल और संचार व्यवस्था पर विशेष जोर

जिलाधिकारी ने राष्ट्रपति निकेतन में विद्युत, पेयजल, संचार नेटवर्क और अन्य आवश्यक सुविधाओं को कंटीजेंसी प्लान के साथ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग अपनी-अपनी व्यवस्थाओं का पूर्व परीक्षण कर लें, ताकि किसी प्रकार की तकनीकी या अन्य समस्या उत्पन्न न हो।

सुरक्षा और यातायात व्यवस्था रहेगी सर्वोच्च प्राथमिकता

बैठक में सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी ने निर्धारित भ्रमण मार्ग पर सभी आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और संबंधित स्थलों पर नियमित मॉनिटरिंग करने को कहा।

लापरवाही पर होगी कार्रवाई

डॉ. आशीष चौहान ने स्पष्ट कहा कि राष्ट्रपति के प्रस्तावित भ्रमण कार्यक्रम के दौरान किसी भी स्तर पर चूक या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए।

ये अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) केके मिश्रा, पुलिस अधीक्षक जया बलूनी, सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह सहित सभी उप जिलाधिकारी एवं प्रोटोकॉल से जुड़े अधिकारी उपस्थित रहे।