मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने को ऋषिकेश स्थित ट्रांजिट कैंप का औचक निरीक्षण कर चारधाम यात्रा से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को पंजीकरण के लिए अनावश्यक इंतजार न करना पड़े और यात्रा के दौरान उनकी सुरक्षा एवं सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
पंजीकरण और स्वास्थ्य जांच व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने ट्रांजिट कैंप में यात्रियों के पंजीकरण, स्वास्थ्य जांच और ठहरने की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों से व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी लेते हुए उन्हें और अधिक सुचारु बनाने के निर्देश दिए।
गर्मी को देखते हुए अतिरिक्त सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने बढ़ती गर्मी के मद्देनजर ट्रांजिट कैंप में अतिरिक्त कूलर लगाने तथा पेयजल सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
बेहतर भीड़ प्रबंधन पर दिया जोर
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को प्रभावी भीड़ प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं, ऐसे में सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए सभी व्यवस्थाएं मजबूत रखी जाएं।
कर्मचारियों से संवाद कर बढ़ाया उत्साह
ट्रांजिट कैंप में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने उन्हें अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं का ‘अतिथि देवो भवः’ की भावना के साथ स्वागत किया जाए और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।
श्रद्धालुओं से लिया यात्रा व्यवस्थाओं का फीडबैक
मुख्यमंत्री ने ट्रांजिट कैंप में मौजूद श्रद्धालुओं से भी संवाद कर यात्रा व्यवस्थाओं के संबंध में फीडबैक लिया। महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार सहित विभिन्न राज्यों से आए यात्रियों ने चारधाम यात्रा के लिए की गई व्यवस्थाओं की सराहना की।
यात्रियों ने व्यवस्थाओं पर जताया संतोष
श्रद्धालुओं ने पंजीकरण, स्वास्थ्य जांच, आवास और अन्य सुविधाओं को संतोषजनक बताते हुए प्रशासन के प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि यात्रा को सुगम बनाने के लिए किए गए प्रबंधों से उन्हें काफी सहूलियत मिल रही है।
बुजुर्ग श्रद्धालुओं ने दिया आशीर्वाद
निरीक्षण के दौरान कई बुजुर्ग श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री से भेंट कर उन्हें आशीर्वाद दिया और चारधाम यात्रा को व्यवस्थित एवं सुगम बनाने के लिए आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं का कुशलक्षेम जाना और उन्हें सुरक्षित एवं सुखद यात्रा की शुभकामनाएं दीं।
