Uttarakhand: रजिस्ट्रार जनरल डिजिटल ने जनगणना प्रक्रिया का लिया जायजा, स्वगणना को बताया बड़ी पहल

भारत के रजिस्ट्रार जनरल और जनगणना आयुक्त  मृत्युंजय कुमार नारायण ने उत्तराखण्ड में चल रहे जनगणना कार्य की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया है। उन्होंने गुरुवार को देहराखास क्षेत्र के कुछ घरों में पहुंचकर जनगणना प्रक्रिया का निरीक्षण किया और फील्ड स्टाफ से जानकारी ली।

उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड सहित पूरे देश में लोग जनगणना कार्य को लेकर उत्साह दिखा रहे हैं, जो बेहद सकारात्मक संकेत है।

पहली बार डिजिटल फॉर्मेट में हो रही जनगणना

महा रजिस्ट्रार ने कहा कि आजाद भारत के इतिहास में पहली बार जनगणना प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल फॉर्मेट में लाया जा रहा है। इससे आंकड़ों की गुणवत्ता बेहतर होगी और त्रुटियों को आसानी से सुधारा जा सकेगा।

उन्होंने बताया कि इस बार लोगों को स्वगणना का विकल्प भी दिया गया है। देशभर में करोड़ों लोगों द्वारा इस विकल्प का उपयोग किया जाना इस नई व्यवस्था की स्वीकार्यता को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में स्वगणना जनगणना प्रक्रिया का और मजबूत हिस्सा बन सकती है।

डिजिटल जनगणना चुनौतीपूर्ण, फिर भी उत्साह से जुटे कर्मचारी

मृत्युंजय कुमार नारायण ने कहा कि डिजिटल माध्यम से जनगणना कराना एक चुनौतीपूर्ण कार्य है, लेकिन इसके बावजूद कर्मचारी और अधिकारी पूरे उत्साह के साथ अभियान में जुटे हैं।

उन्होंने बताया कि फील्ड स्टाफ के पास ऑफलाइन डाटा संग्रह का विकल्प भी उपलब्ध है, लेकिन सभी आंकड़ों को अंततः डिजिटल फॉर्मेट में परिवर्तित किया जा रहा है।

उन्होंने यह भी कहा कि देशभर में कहीं से भी कानून-व्यवस्था या तकनीकी कारणों से जनगणना कार्य प्रभावित होने की सूचना नहीं मिली है।

स्थानीय लोगों ने भी किया सहयोग का आह्वान

देहराखास क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान स्थानीय निवासी हर्षिता तिवारी और अर्पणा शुक्ला ने कहा कि जनगणना देशहित से जुड़ा महत्वपूर्ण कार्य है और इसमें सभी नागरिकों को सहयोग करना चाहिए।

नए जनगणना कार्यालय भवन का उद्घाटन

इस दौरान महा रजिस्ट्रार एवं जनगणना आयुक्त ने देहराखास में जनगणना कार्य निदेशालय के नए कार्यालय भवन का उद्घाटन भी किया। अब तक जनगणना निदेशालय मातावाला बाग स्थित किराये के भवन से संचालित हो रहा था।

कार्यक्रम में ये अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में दीपक कुमार, ईवा आशीष श्रीवास्तव, शैलेंद्र सिंह नेगी, तान्या सेठ, प्रवीण कुमार, आरके बनवारी, संजీవ कुमार और अरविंद कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *