Uttarakhand: नंदा देवी एक्सप्रेस में लापता नवविवाहिता बिहार से बरामद, पति से हुआ था विवाद

नंदा देवी एक्सप्रेस में रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हुई नवविवाहिता को पुलिस ने बिहार के बेगूसराय से सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि ट्रेन यात्रा के दौरान पति-पत्नी के बीच हुई नोकझोंक के बाद विवाहिता स्वयं ट्रेन की दूसरी बोगी में चली गई थी और बाद में अपने परिचित के यहां पहुंच गई।

जानकारी के अनुसार 5 मई को मनीष अग्रहरि निवासी नौबस्ता, कानपुर अपनी पत्नी प्रज्ञा सिंह के साथ नंदा देवी एक्सप्रेस से यात्रा कर रहे थे। इसी दौरान उनकी पत्नी अचानक लापता हो गईं। मामले में मनीष अग्रहरि ने लक्सर कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। बाद में मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने इसे अपहरण की धाराओं में तरमीम कर जांच शुरू की।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि पुलिस टीम लगातार महिला की तलाश में जुटी हुई थी। जांच के दौरान महिला के बिहार के बेगूसराय में होने की सूचना मिली। इसके बाद चौकी प्रभारी विपिन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए महिला को सकुशल बरामद कर लिया।

लक्सर कोतवाली पहुंचने पर विवाहिता के बयान दर्ज किए गए। महिला ने बताया कि ट्रेन में सफर के दौरान किसी बात को लेकर पति से कहासुनी हो गई थी, जिसके बाद वह दूसरी बोगी में चली गई। इस दौरान उसने अपने मोबाइल फोन का सिम कार्ड निकालकर फेंक दिया और बाद में बेगूसराय में अपने एक परिचित के यहां चली गई।

पुलिस के अनुसार महिला के बयान दर्ज करने के बाद उन्हें परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर ली गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *