श्री बदरीनाथ धाम की यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए चमोली पुलिस ने विशेष एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने सभी श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए कहा है कि वर्तमान में धाम क्षेत्र में मौसम अत्यंत शीतल है और तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है।
पुलिस के अनुसार बदरीनाथ धाम में तापमान शून्य डिग्री तक पहुंच रहा है, ऐसे में श्रद्धालुओं को पर्याप्त गर्म ऊनी वस्त्र, जैकेट, टोपी और दस्ताने साथ लाना अनिवार्य है। ठंड के कारण स्वास्थ्य पर प्रभाव पड़ सकता है, इसलिए यात्रा से पहले पूरी तैयारी करना आवश्यक है।
चमोली पुलिस ने ऊंचाई वाले क्षेत्रों में यात्रा के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। खासकर मैदानी इलाकों से आने वाले यात्रियों को शरीर को मौसम के अनुकूल ढालने के लिए पर्याप्त समय देने की बात कही गई है, ताकि ऊंचाई पर होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं से बचा जा सके।
यात्रा के दौरान बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की भी अपील की गई है। पुलिस ने कहा है कि यात्रा मार्ग पर हर मोड़ पर जवान तैनात हैं, जो श्रद्धालुओं की सहायता और सुरक्षा के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं।
प्रशासन का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षित, सुखद और मंगलमय यात्रा सुनिश्चित करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। साथ ही सभी यात्रियों से अपील की गई है कि वे जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और यात्रा को सुरक्षित बनाने में सहयोग करें।
