चारधाम यात्रा को लेकर सोशल मीडिया पर भ्रामक और तथ्यहीन सूचनाएं प्रसारित करने वालों के खिलाफ प्रशासन लगातार कड़ी कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में रुद्रप्रयाग जनपद के सोनप्रयाग थाना में एक और प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज की गई है।
प्रशासन के अनुसार सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के दौरान इंस्टाग्राम आईडी thecurlypoet से प्रसारित एक वीडियो संज्ञान में आया, जिसमें श्री केदारनाथ धाम की व्यवस्थाओं को लेकर भ्रामक और निराधार दावे किए गए। वीडियो में यह गलत जानकारी दी गई कि एक वृद्ध श्रद्धालु को स्वास्थ्य खराब होने के बावजूद प्रशासन द्वारा सहायता नहीं दी गई और वीआईपी प्रोटोकॉल के चलते आम श्रद्धालुओं की अनदेखी की जा रही है।
हालांकि जांच में सामने आया कि 22 अप्रैल को गुजरात निवासी एक श्रद्धालु की तबीयत खराब होने पर प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र केदारनाथ पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित किया। इसके बाद प्रशासन ने आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर हेलीकॉप्टर के माध्यम से शव को गुप्तकाशी भेजा।
अधिकारियों ने बताया कि संबंधित वीडियो में तथ्यों को तोड़-मरोड़कर प्रस्तुत किया गया, जिससे आमजन को भ्रमित करने और प्रशासन की छवि को धूमिल करने का प्रयास किया गया। इस मामले में संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अन्य संदिग्ध वीडियो और सोशल मीडिया कंटेंट की भी लगातार निगरानी की जा रही है और उन्हें चिन्हित कर कार्रवाई के दायरे में लाया जाएगा। चारधाम यात्रा की गरिमा, श्रद्धालुओं की आस्था और प्रदेश की छवि के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस संबंध में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि यात्रा से जुड़ी किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक सूचना या दुष्प्रचार पर तत्काल, सख्त और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
