श्री केदारनाथ धाम के कपाट खुलने के पावन अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर बाबा केदार के प्रति अपनी गहरी आस्था व्यक्त की है। प्रधानमंत्री ने बुधवार देर शाम सोशल मीडिया के माध्यम से केदारनाथ धाम में बिताए अपने पूर्व पलों की भावुक तस्वीरें साझा कीं, जिसने श्रद्धालुओं के बीच विशेष उत्साह और भावनात्मक जुड़ाव पैदा किया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री ने साझा की गई इन तस्वीरों को एक गहन आध्यात्मिक संबंध की अभिव्यक्ति बताया। उन्होंने कहा कि यह जुड़ाव केवल व्यक्तिगत श्रद्धा नहीं, बल्कि उस तपोभूमि से आत्मिक संबंध है, जहां भगवान शिव के इस पवित्र ज्योतिर्लिंग में भक्ति, तप और आस्था का अद्भुत संगम होता है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री का यह भावपूर्ण संदेश करोड़ों श्रद्धालुओं के हृदय को स्पर्श कर रहा है और चारधाम यात्रा को एक नई आध्यात्मिक ऊंचाई प्रदान कर रहा है। उन्होंने कहा कि यह संवाद न केवल आस्था को मजबूत करता है, बल्कि चारधाम यात्रा को एक आत्मिक जागरण यात्रा के रूप में भी स्थापित करता है।
केदारनाथ धाम में गूंजता हर हर महादेव का उद्घोष, प्रधानमंत्री की इस श्रद्धाभिव्यक्ति के साथ और अधिक भावपूर्ण हो उठा है। देशभर से पहुंचे श्रद्धालुओं में भक्ति और उत्साह का वातावरण चरम पर है।
इससे पूर्व अपने संदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चारधाम यात्रा को भारत की सांस्कृतिक एकात्मता का आधार बताया था। उन्होंने तीर्थयात्रियों से डिजिटल उपवास रखने का आह्वान करते हुए आत्मिक शांति का अनुभव करने की बात कही थी। साथ ही उन्होंने पांच संकल्प स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, सेवा, वोकल फॉर लोकल और अनुशासन का पालन करने का आग्रह किया।
