Uttarakhand: सल्ट में कांग्रेस की कार्यकर्ता बैठक, बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने पर जोर

गणेश गोदियाल ने अपने कुमाऊं मंडल दौरे के दौरान सल्ट विधानसभा क्षेत्र में आयोजित बीएलए-2 प्रशिक्षण कार्यक्रम एवं कार्यकर्ता बैठक में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कर संगठन की मजबूती और आगामी चुनावों की तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए। बैठक से पूर्व क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं ने उनका फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया।

बैठक को संबोधित करते हुए गोदियाल ने कहा कि बूथ स्तर पर संगठन की मजबूती ही चुनावी सफलता की कुंजी है। उन्होंने बीएलए-2 कार्यकर्ताओं की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने बूथ पर मतदाता सूची की शुद्धता, नए मतदाताओं के पंजीकरण और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सक्रिय रहना होगा।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ जनता के बीच जाएं और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की जनहितकारी नीतियों एवं विचारधारा को मजबूत करें। साथ ही उन्होंने वर्तमान सरकार की नीतियों को जनविरोधी बताते हुए उन्हें जनता के बीच उजागर करने और आमजन की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने पर बल दिया।

गोदियाल ने कहा कि जहां-जहां पार्टी संगठन कमजोर है, वहां उसे और अधिक ऊर्जावान बनाने के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी कार्यक्रमों को सफल बनाने और आगामी चुनावों के लिए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर दिया।

इस अवसर पर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सीडब्ल्यूसी सदस्य करन माहरा ने कहा कि प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है और कांग्रेस को आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पूरी मजबूती के साथ तैयारी करनी होगी। उन्होंने बताया कि कार्यकर्ता बैठकों के माध्यम से प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से सुझाव लिए जा रहे हैं और कमियों को दूर करने के लिए पार्टी स्तर पर मंथन चल रहा है।

बैठक के दौरान स्थानीय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भी अपने सुझाव एवं क्षेत्रीय समस्याएं प्रदेश अध्यक्ष के समक्ष रखीं, जिस पर गोदियाल ने गंभीरता से संज्ञान लेते हुए उनके समाधान का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम में युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष विक्रम सिंह रावत सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता, बीएलए-2 कार्यकर्ता, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *