उत्तराखण्ड लाइवस्टॉक डेवलपमेंट बोर्ड, देहरादून के मुख्य अधिशासी अधिकारी डॉ. राकेश सिंह नेगी ने डाटा एंट्री ऑपरेटर के पदों को लेकर प्रसारित हो रही सूचनाओं को भ्रामक बताया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विभाग में वर्तमान में ऐसे किसी भी पद पर भर्ती नहीं हो रही है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2024 में पशुपालन विभाग की कार्यदायी संस्था के रूप में बोर्ड द्वारा 253 डाटा एंट्री ऑपरेटर पदों के लिए रोजगार प्रयाग पोर्टल पर विज्ञप्ति जारी की गई थी। यह विज्ञप्ति उस समय के लिए थी और अब प्रासंगिक नहीं है।
सीईओ के अनुसार हाल के दिनों में कुछ माध्यमों पर यह जानकारी प्रसारित की जा रही है कि उक्त 253 पद अभी भी रिक्त हैं, जबकि यह दावा पूरी तरह निराधार है। वर्तमान में बोर्ड के अंतर्गत डाटा एंट्री ऑपरेटर के कोई भी पद खाली नहीं हैं।
बोर्ड ने आम जनता से अपील की है कि इस प्रकार की भ्रामक खबरों पर विश्वास न करें और केवल विभाग द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं को ही सही मानें।
