Dehradun massacre: पुलिस मुठभेड़ में शूटर और सहयोगी गिरफ्तार, दोनों के पैर में लगी गोली

तिब्बती मार्केट के सामने हुए चर्चित हत्याकांड के मामले में देहरादून पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने तड़के सुबह अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई मुठभेड़ के दौरान शूटर और उसके सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी है।

शहर से देहात तक चला सघन चेकिंग अभियान

हत्याकांड के बाद एसएसपी देहरादून के निर्देश पर जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में बदमाशों की धरपकड़ के लिए लगातार नाकेबंदी और सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी अभियान के तहत पुलिस को यह सफलता हाथ लगी।

रायपुर में जंगल क्षेत्र में मुठभेड़

नाकेबंदी के दौरान थाना रायपुर क्षेत्र के लाडपुर जंगल में एक संदिग्ध बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसे घायल कर गिरफ्तार कर लिया। बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे तत्काल उपचार के लिए कोरोनेशन अस्पताल ले जाया गया।

लालतप्पर चौकी पर फायरिंग के बाद खंडर फैक्ट्री में घुसा दूसरा आरोपी

वहीं दूसरी घटना में लालतप्पर पुलिस चौकी पर चेकिंग के दौरान स्कूटी सवार एक बदमाश ने रुकने के बजाय भागने का प्रयास किया। आरोपी खंडर पड़ी फैक्ट्री में घुस गया और पुलिस पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसे भी घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। इस मुठभेड़ में भी आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी।

एसएसपी पहुंचे अस्पताल, अधिकारियों से ली जानकारी

घटना की सूचना मिलते ही उच्च अधिकारी मौके के लिए रवाना हो गए। एसएसपी देहरादून स्वयं कोरोनेशन चिकित्सालय पहुंचे और अधिकारियों से पूरी घटना की जानकारी ली। दोनों आरोपियों का अस्पताल में उपचार जारी है।

दो तमंचे और स्कूटी बरामद

पुलिस ने आरोपियों के पास से दो देशी तमंचे और एक स्कूटी बरामद की है। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने तिब्बती मार्केट के सामने हुए हत्याकांड को अंजाम देने की बात कबूल की है। मामले में विस्तृत पूछताछ और जांच जारी है।

पुलिस का कहना है कि पूरे मामले में अन्य संभावित आरोपियों की तलाश भी की जा रही है और जल्द ही मामले का पूरा खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *