उत्तराखण्ड राज्य स्थापना दिवस-2025 की रजत जयंती के भव्य अवसर पर शुक्रवार को राजधानी देहरादून में आयोजित रैतिक परेड में मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को अनेक जनहितकारी घोषणाओं का उपहार दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य निर्माण के 25 वर्षों की यात्रा चुनौतियों से भरी रही, लेकिन आज उत्तराखण्ड एक सशक्त, अग्रणी और आत्मनिर्भर राज्य के रूप में देश में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुका है।
मुख्यमंत्री धामी ने देश की रक्षा में शहीद हुए वीर सैनिकों और राज्य आंदोलन के अमर बलिदानियों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए कहा कि उन्हीं के त्याग और संघर्ष से आज यह देवभूमि गौरव और विकास की ऊँचाइयों को छू रही है। उन्होंने भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जी का स्मरण करते हुए कहा कि उन्हीं के नेतृत्व में उत्तराखण्ड राज्य की स्थापना का स्वप्न साकार हुआ।
मुख्यमंत्री की प्रमुख घोषणाएं
रजत जयंती समारोह के अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने राज्यहित में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं —
प्रदेश की संपूर्ण कृषि भूमि का पाँच वर्षों में चरणबद्ध सर्वेक्षण एवं बंदोबस्त कराया जाएगा।
साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए स्टेट साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर की स्थापना होगी।
ड्रग्स फ्री देवभूमि’ मिशन के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स का विस्तार किया जाएगा।
राजकीय विद्यालयों में पीएम पोषण योजना के अंतर्गत कार्यरत भोजनमाताओं के लिए कल्याण कोष बनेगा।
कृषि फसलों की सुरक्षा के लिए फार्म फेंसिंग पॉलिसी लागू की जाएगी।
धारे, नौले और प्राकृतिक जलस्रोतों के संरक्षण व सौंदर्यीकरण के लिए विशेष संवर्धन योजना शुरू होगी।
विश्वविद्यालयों व कॉलेजों में ऑनलाइन स्किल कोर्सेज और सिविल सर्विसेज, बैंकिंग, मैनेजमेंट एनआईटी आदि की ऑनलाइन कोचिंग सुविधा दी जाएगी।
मानसखण्ड माला मिशन’ की तर्ज पर ‘केदारखण्ड माला मिशन’ विकसित किया जाएगा।
आदर्श चंपावत’ की भांति ‘आदर्श रुद्रप्रयाग जनपद विकसित होगा।
कुमाऊँ के शारदा कॉरिडोर, आदि कैलाश व गढ़वाल के अंजनीसैण-बेलाकेदार क्षेत्र को ‘स्प्रिचुअल इकोनॉमिक जोन’ के रूप में विकसित किया जाएगा।
प्रत्येक जिला अस्पताल में टाइप-1 डायबिटीज के लिए विशेष क्लिनिक खुलेंगे, और 15 वर्ष तक के बच्चों की डायबिटीज स्क्रीनिंग मुफ्त होगी।
राज्य की उपलब्धियों का उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार ने पिछले साढ़े चार वर्षों में अनेक ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं।
उन्होंने बताया कि —
- उत्तराखण्ड किसानों की आय वृद्धि में देशभर में प्रथम स्थान पर रहा है।
- राज्य की कंपाउंड एनुअल ग्रोथ रेट 12.69% रही, जो राष्ट्रीय औसत से चार गुना अधिक है।
- रोजगार सृजन में उत्तराखण्ड देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हुआ है।
- राज्य के चार गांव जखोल, हर्षिल, गूंजी और सूपी को राष्ट्रीय स्तर पर सर्वश्रेष्ठ पर्यटन ग्राम का पुरस्कार मिला है।
- उत्तराखण्ड को राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में मोस्ट फिल्म फ्रेंडली स्टेट का सम्मान भी प्राप्त हुआ है।
सुरक्षा और समाज में सुधार पर विशेष जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में कानून व्यवस्था बनाए रखना हमेशा चुनौतीपूर्ण रहा है, परंतु उत्तराखण्ड पुलिस ने अपनी कार्यशैली से जनसेवा का अद्वितीय उदाहरण” प्रस्तुत किया है।
महिला अपराधों और पोक्सो मामलों के निस्तारण में उत्तराखण्ड देश में पाँचवें स्थान पर रहा है।
उन्होंने कहा कि अब साइबर अपराधों पर लगाम लगाने और ड्रग फ्री उत्तराखण्ड के संकल्प को जनआंदोलन का रूप देने की दिशा में सरकार तेजी से आगे बढ़ रही है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड अपनी सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक पहचान को संरक्षित रखते हुए आधुनिकता और विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले वर्षों में यह देवभूमि न केवल विकास का बल्कि आस्था, अध्यात्म और आत्मनिर्भरता का भी आदर्श राज्य बनेगी।
