केंद्र सरकार ने उत्तराखंड में शहरी भूमि एवं नियोजन सुधारों को बढ़ावा देने के लिए राज्य को महत्वपूर्ण वित्तीय सहायता प्रदान की है। पूंजीगत निवेश के लिए राज्यों को विशेष सहायता योजना 2025–26 के अंतर्गत भाग– एक्सए (शहरी भूमि और नियोजन सुधार) के तहत उत्तराखंड को 264.50 करोड़ रुपये की विशेष सहायता (ऋण) स्वीकृत की गई है।
यह सहायता आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय की अनुशंसा के आधार पर राज्य सरकार को प्रदान की गई है। उत्तराखंड सरकार ने इस प्रोत्साहन राशि के लिए पीएफएमएस पोर्टल के माध्यम से प्रस्ताव प्रस्तुत किया था, जिसे स्वीकार करते हुए सक्षम प्राधिकारी ने राज्य को यह सहायता उपलब्ध कराने की मंजूरी दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह राशि राज्य में प्रस्तावित विभिन्न पूंजीगत परियोजनाओं के लिए प्रदान की गई है। इससे शहरी विकास, भूमि प्रबंधन और नियोजन सुधारों को गति मिलने की उम्मीद है। केंद्र सरकार ने यह पूरी राशि एकमुश्त किस्त में राज्य को जारी कर दी है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्र सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राज्यों के बुनियादी ढांचे के विकास को लगातार प्रोत्साहन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि यह वित्तीय सहायता उत्तराखंड में योजनाबद्ध शहरी विकास, आधुनिक भूमि प्रबंधन प्रणाली और मजबूत आधारभूत ढांचे के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शहरी क्षेत्रों में बेहतर नियोजन, सुव्यवस्थित विकास और जनसुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इस सहायता से प्रदेश के शहरों में संतुलित और टिकाऊ विकास को गति मिलेगी और आम नागरिकों को बेहतर शहरी सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
