प्रदेश में लंबे इंतजार के बाद शुक्रवार को बारिश और बर्फबारी से मौसम का रुख बदल गया। मैदानी इलाकों में हुई बारिश और पर्वतीय क्षेत्रों में हुई बर्फबारी से लोगों को सूखी ठंड से राहत मिली, वहीं तापमान में भी उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई।
तड़के सुबह मौसम के बिगड़ने के बाद देहरादून सहित आसपास के इलाकों में रुक-रुक कर बारिश होती रही। इसी तरह प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी दिन के तापमान में गिरावट और रात के तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिली।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण हुआ है। उन्होंने बताया कि 24 जनवरी को पश्चिमी विक्षोभ का असर कमजोर पड़ेगा, हालांकि हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना बनी रहेगी। मैदानी इलाकों में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रहेगा।
25-26 जनवरी को फिर सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 25 और 26 जनवरी को एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है, जिससे प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है।
आज से सर्द होंगी रातें
मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि 24 जनवरी से रात के न्यूनतम तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी। अगले दो से तीन दिनों में न्यूनतम तापमान दो से तीन डिग्री तक गिर सकता है। इसके साथ ही दिन के समय 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के आसार हैं।
आज भी हल्की बारिश-बर्फबारी की संभावना
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आज उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल, चंपावत और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश के साथ बर्फबारी हो सकती है। खासकर 2300 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना अधिक जताई गई है।
