उत्तराखंड के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल श्री गंगोत्री धाम के कपाट आगामी अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर 19 अप्रैल को दोपहर 12:15 बजे श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। इस संबंध में गंगोत्री मंदिर समिति के अध्यक्ष धर्मानंद सेमवाल ने चैत्र नवरात्रि के शुभ अवसर पर औपचारिक घोषणा की।
मंदिर समिति के अनुसार, 18 अप्रैल को मां गंगा की भोग मूर्ति की डोली अपने शीतकालीन प्रवास स्थल मुखवा से श्री गंगोत्री धाम के लिए प्रस्थान करेगी। यात्रा के दौरान डोली भैरव घाटी में रात्रि विश्राम करेगी और 19 अप्रैल को सुबह 7 बजे पुनः धाम के लिए रवाना होगी।
धार्मिक विधि-विधान और परंपराओं के अनुसार कपाट खुलने के बाद गंगोत्री धाम अगले छह महीनों तक श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खुला रहेगा। कपाट खुलने की तिथि घोषित होते ही श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है और यात्रा की तैयारियां तेज हो गई हैं।
