यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर ओजरी के पास वॉश आउट हुए हिस्से को फिर से चालू करने के लिए प्रशासन युद्धस्तर पर कार्य कर रहा है। इस मार्ग को जल्दी से जल्दी बहाल करने हेतु वैली ब्रिज (अस्थायी पुल) का निर्माण कार्य तेजी से किया जा रहा है।
लगातार वर्षा और भूस्खलन के चलते ओजरी क्षेत्र में हाईवे का एक बड़ा हिस्सा बह गया था, जिससे चारधाम यात्रियों की आवाजाही पूरी तरह बाधित हो गई थी। हालांकि अब स्थिति को नियंत्रित करने और यात्रा को सुरक्षित बनाए रखने के लिए प्रशासन, पुलिस, और तकनीकी टीमें लगातार जुटी हुई हैं।
युद्धस्तर पर वैली ब्रिज निर्माण
सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) की देखरेख में वैली ब्रिज का निर्माण कार्य जारी है। यह पुल अस्थायी तौर पर यातायात को बहाल करने में मदद करेगा, ताकि यमुनोत्री धाम की ओर जा रहे यात्रियों को जल्द राहत मिल सके।
प्रशासन और पुलिस की चौकसी
उत्तराखंड पुलिस, चारधाम पुलिस नियंत्रण कक्ष और उत्तराखंड ट्रैफिक पुलिस की टीम लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। यात्रा मार्ग पर सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु यातायात को नियंत्रित किया जा रहा है और यात्रियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।