राजपुर थाना क्षेत्र के जोहड़ी गांव में सघन चेकिंग के दौरान पुलिस को ब्रिगेडियर मुकेश हत्या कांड से जुड़े संदिग्ध बदमाशों की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस ने बदमाशों का पीछा शुरू किया, जिसके बाद मामला गुनियाल गांव के जंगल तक पहुंच गया।
पुलिस के अनुसार पीछा करने के दौरान एक बदमाश को मौके पर ही पकड़ लिया गया, जबकि दूसरे बदमाश ने भागने के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की।
मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया है। घटनास्थल से बदमाश के पास से एक पिस्टल भी बरामद की गई है।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून और एसपी सिटी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। साथ ही फील्ड यूनिट द्वारा भी मौके का बारीकी से परीक्षण किया जा रहा है।
अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायल बदमाश की स्थिति की जानकारी ली और मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों से पूरी घटना की जानकारी प्राप्त की।
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।
