मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सरकारी कार्यालयों और कार्यस्थलों पर अधिकारियों, कर्मचारियों और शिक्षकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मुख्य सचिव को मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
कर्मचारी संगठनों ने रखी सुरक्षा की मांग
उत्तराखण्ड अधिकारी कर्मचारी शिक्षक मोर्चा के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री से भेंट कर 21 फरवरी को प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय में हुई घटना सहित हाल के दिनों में अन्य स्थानों पर सरकारी कार्मिकों के साथ हुई घटनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने ऐसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की।
मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि सरकार कार्मिकों के मान-सम्मान और सुरक्षा को लेकर सदैव संवेदनशील और प्रतिबद्ध है।
मुख्य सचिव और डीजीपी को निर्देश
मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव को फोन कर अधिकारियों, कर्मचारियों और शिक्षकों की सुरक्षा के लिए विस्तृत एसओपी तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही उत्तराखण्ड पुलिस के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को सरकारी कार्यालयों में पुख्ता सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने तथा इस प्रकार की घटनाओं पर त्वरित कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त, देहरादून के एसएसपी को शिक्षा निदेशालय में हुई घटना में शामिल दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर राज्य औषधीय पादप बोर्ड के उपाध्यक्ष प्रताप सिंह पंवार, उत्तराखण्ड अधिकारी कर्मचारी शिक्षक मोर्चा के अध्यक्ष राम सिंह चौहान, महामंत्री मुकेश बहुगुणा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
