मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली भारत मंडपम में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी की अध्यक्षता में आयोजित राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की समीक्षा बैठक में प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड में सड़क कनेक्टिविटी के क्षेत्र में चल रहे अभूतपूर्व विकास कार्यों पर आधारित एक विस्तृत वीडियो प्रेजेंटेशन भी प्रस्तुत किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड में सड़क अवसंरचना को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने बताया कि चारधाम यात्रा को सुगम, सुलभ और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से 12,769 करोड़ रुपये की लागत से चारधाम महामार्ग परियोजना के तहत प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्गों का उन्नयन कार्य तेजी से किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी की प्रतिबद्धता और मार्गदर्शन के चलते प्रदेश के कठिन और दुर्गम भूभाग में भी सड़क परियोजनाओं को सफलतापूर्वक पूरा किया गया है। वर्तमान में राज्य में 3,723 किलोमीटर लंबा राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क विकसित हो चुका है, जिससे प्रदेश की कनेक्टिविटी को नई मजबूती मिली है।
उन्होंने जानकारी दी कि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने डिजाइन किए गए 597 किलोमीटर मार्गों में से 336 किलोमीटर से अधिक का निर्माण कार्य पूर्ण किया जा चुका है। हरिद्वार, ऋषिकेश, देहरादून, रुद्रपुर, काशीपुर, हल्द्वानी और काठगोदाम जैसे प्रमुख केंद्र अब चौड़ी और सुरक्षित सड़कों से जुड़ चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेस वे सहित देहरादून और हरिद्वार बाईपास जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं भी शीघ्र ही पूरी होंगी, जिससे यातायात तेज, सुरक्षित और सुगम होगा तथा पर्यटन, व्यापार और क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी।
बैठक में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा, हर्ष मल्होत्रा सहित मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
