Uttarakhand: मसूरी आने वाले पर्यटकों के लिए अनिवार्य हुआ पंजीकरण, पर्यटन विभाग ने शुरू किया पोर्टल

उत्तराखंड के प्रमुख पर्यटन स्थल मसूरी में अब आने वाले पर्यटकों को 1 अगस्त 2025 से पहले ऑनलाइन पंजीकरण करना अनिवार्य होगा। इस नई व्यवस्था के तहत राज्य पर्यटन विभाग ने एक पंजीकरण पोर्टल भी शुरू कर दिया है।

राज्य के पर्यटन सचिव धीरज सिंह गर्ब्याल ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि इस प्रणाली के माध्यम से मसूरी आने वाले पर्यटकों की संख्या का सटीक आकलन किया जा सकेगा और इसी के अनुरूप बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

उन्होंने यह भी बताया कि आने वाले समय में राज्य के अन्य पर्यटन स्थलों जैसे नैनीताल, औली, केदारनाथ, बदरीनाथ आदि के लिए भी इसी प्रकार की पंजीकरण प्रणाली लागू करने की योजना है। यह कदम भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उठाया गया है।

मुख्यमंत्री ने दी प्रतिक्रिया

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मसूरी पंजीकरण प्रणाली को लेकर कहा कि रजिस्ट्रेशन की यह व्यवस्था सभी पर्यटकों की सुरक्षा और सुविधा के लिए लागू की गई है। मैं पहले भी कह चुका हूं कि राज्य सरकार के लिए सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए सभी प्रकार की व्यवस्थाएं और प्रावधान किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि इस व्यवस्था से पर्यटकों की यात्रा अधिक सुरक्षित, नियंत्रित और सुविधाजनक हो सकेगी। साथ ही प्रशासन को भी आपातकालीन परिस्थितियों में बेहतर सामंजस्य और त्वरित सहायता उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी।

क्या है रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया?

पर्यटकों को मसूरी आने से पहले पर्यटन विभाग के पोर्टल पर जाकर अपनी यात्रा की तिथि, वाहन संख्या, यात्रियों की संख्या व अन्य जरूरी जानकारी दर्ज करनी होगी। पोर्टल का लिंक पर्यटन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराया गया है। इस वेबसाइट registrationandtouristcare.uk.gov.in/mussoorie पर जाकर करें रजिस्ट्रेशन।।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *