Uttarakhand:  केदारनाथ धाम यात्रा की तैयारियां तेज, 22 अप्रैल से शुरू होगी यात्रा

आगामी श्री केदारनाथ धाम यात्रा को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 22 अप्रैल से प्रारंभ हो रही यात्रा के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित संचालन के लिए जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर की उपस्थिति में जिला कार्यालय सभागार में समन्वय एवं समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी तथा सभी विभाग तय समयसीमा में कार्य पूर्ण करें।

सड़क और राजमार्ग व्यवस्थाओं की समीक्षा

राष्ट्रीय राजमार्ग और लोक निर्माण विभाग की सड़कों की स्थिति की समीक्षा करते हुए भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में समयबद्ध उपचारात्मक कार्य करने के निर्देश दिए गए। 15 मार्च तक नालियों का निर्माण, सड़क किनारे झाड़ियों की कटाई और अनावश्यक सामग्री हटाने को कहा गया।

शटल सेवा और परिवहन

शटल सेवा संचालन की समीक्षा के दौरान ग्रीन कार्ड और ट्रिप कार्ड की स्थिति जानी गई। रात्रिकालीन संचालन में ओवरचार्जिंग, रोड सेफ्टी और कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई।

पैदल मार्ग और पड़ावों की व्यवस्था

गौरीकुंड से केदारनाथ मंदिर तक पैदल मार्ग पर पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, विश्राम गृह, आवास, सुरक्षा, वैली ब्रिज, मार्ग चौड़ीकरण और नेटवर्क कनेक्टिविटी की समीक्षा की गई।

सुरक्षा और पुलिस प्लान

पुलिस अधीक्षक ने अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती और यातायात प्लान की जानकारी दी। यात्रा मार्गों और पड़ावों पर सुरक्षा सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए गए।

जी-मैक्स और तकनीकी प्रबंधन

मॉनिटरिंग कैमरा एक्सेस, रियल टाइम वेदर रिपोर्ट और घोड़ा-खच्चर व डंडी-कंडी संचालन हेतु स्मार्ट कार्ड व्यवस्था की समीक्षा की गई।

घोड़ा-खच्चर संचालन

यात्रा से पूर्व प्रभावी बैरिकेडिंग और बिना पंजीकरण वाले घोड़ा-खच्चरों के प्रवेश पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए। इस वर्ष सभी घोड़ा-खच्चरों का बीमा अनिवार्य किया गया है।

स्वास्थ्य और आपात व्यवस्था

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि गुप्तकाशी से केदारनाथ तक 15 अस्पताल संचालित किए जाएंगे। गंभीर मरीजों के लिए हेलीकॉप्टर एंबुलेंस की व्यवस्था भी की जाएगी।

दर्शन और सूचना व्यवस्था

श्रद्धालुओं की कतार व्यवस्था सुचारु रखने के लिए 4-5 स्थानों पर स्क्रीन लगाई जाएंगी, जिनमें टोकन संख्या, मंदिर बंद होने का समय और मौसम की जानकारी प्रदर्शित होगी।

स्वच्छता और आधारभूत सुविधाएं

कूड़ा संग्रहण वाहनों की संख्या बढ़ाने, पर्यावरण मित्रों की तैनाती तथा महिला शौचालयों में सेनेटरी पैड डिस्पोजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में निर्णय लिया गया कि यात्रा ड्यूटी में तैनात सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को परिचय पत्र जारी किए जाएंगे और स्वच्छता कर्मियों के लिए अलग ड्रेस कोड लागू किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *