Uttarakhand: चारधाम यात्रा की तैयारियां तेज, ट्रांजिट कैंप ऋषिकेश में आयुक्त गढ़वाल की बैठक

चारधाम यात्रा के सुचारू संचालन को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में ऋषिकेश स्थित चारधाम यात्रा ट्रांजिट कैंप में आयुक्त गढ़वाल मंडल विनय शंकर पांडेय की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में होटल व्यवसायी, परिवहन संघ के प्रतिनिधि और डंडी-कंडी से जुड़े पदाधिकारी उपस्थित रहे। आयुक्त ने कहा कि यात्रा के दौरान तीर्थयात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी संबंधित विभागों और सेवा प्रदाताओं को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि यात्रा व्यवस्थाएं सुचारू बनी रहें।

19 अप्रैल से शुरू होगी यात्रा

बैठक में जानकारी दी गई कि चारधाम यात्रा 19 अप्रैल से प्रारंभ होगी। इसी दिन यमुनोत्री धाम और गंगोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे।

इसके अलावा केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल को और बद्रीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल को विधि-विधान के साथ खोले जाएंगे।

आयुक्त गढ़वाल ने कहा कि यात्रा मार्गों पर सुरक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन और ठहरने की व्यवस्थाओं को लेकर सभी विभागों को समयबद्ध कार्य योजना बनाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *