माननीय सर्वोच्च न्यायालय के ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण संबंधी निर्देशों के अनुपालन में दून पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर जिले के 43 धार्मिक स्थलों से निर्धारित मानकों का उल्लंघन कर संचालित किए जा रहे लाउडस्पीकर हटवा दिए। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में पुलिस और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की संयुक्त टीमों ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में निरीक्षण किया।
अभियान के दौरान धार्मिक स्थलों पर लगे ध्वनि विस्तारक यंत्रों की ध्वनि सीमा और अनुमति संबंधी मानकों की जांच की गई। निर्धारित सीमा से अधिक आवाज में संचालित हो रहे लाउडस्पीकरों को हटाते हुए संबंधित संचालकों को भविष्य में सक्षम अनुमति प्राप्त किए बिना तथा निर्धारित ध्वनि मानकों का पालन किए बिना लाउडस्पीकर संचालित नहीं करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस ने अभियान के दौरान संबंधित लोगों को ध्वनि प्रदूषण (विनियमन एवं नियंत्रण) नियमों, सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों तथा शासन के दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए नियमों के पालन के प्रति जागरूक भी किया।
दून पुलिस ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक शांति व्यवस्था और ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण सुनिश्चित करने के लिए आगे भी नियमित अभियान जारी रहेंगे। यदि भविष्य में कोई व्यक्ति या संस्था निर्धारित मानकों का उल्लंघन करते हुए लाउडस्पीकर का संचालन करती पाई गई, तो उसके विरुद्ध संबंधित अधिनियमों और नियमों के तहत विधिक कार्रवाई की जाएगी।
