Uttarakhand: बदरीनाथ और केदारनाथ धाम पहुंचे मुकेश अंबानी, बीकेटीसी को 10 करोड़ रुपये का दान

रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन एवं देश के प्रसिद्ध उद्योगपति मुकेश अंबानी सोमवार को श्री बदरीनाथ धाम और श्री केदारनाथ धाम पहुंचे। उन्होंने दोनों धामों में विधिवत पूजा-अर्चना कर देश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने उनका स्वागत कर प्रसाद भेंट किया।

पहले बदरीनाथ, फिर पहुंचे केदारनाथ धाम

बीकेटीसी के मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ ने बताया कि मुकेश अंबानी सुबह सबसे पहले बदरीनाथ धाम पहुंचे और भगवान बदरीविशाल के दर्शन किए। इसके बाद पूर्वाह्न में उन्होंने केदारनाथ धाम पहुंचकर बाबा केदारनाथ के दर्शन और पूजा-अर्चना की।

बीकेटीसी को भेंट किए 10 करोड़ रुपये

दर्शन के दौरान मुकेश अंबानी ने श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति को कुल 10 करोड़ रुपये की धनराशि दान स्वरूप प्रदान की। इसमें बदरीनाथ धाम की व्यवस्थाओं के लिए पांच करोड़ रुपये और केदारनाथ धाम के लिए पांच करोड़ रुपये के अलग-अलग चेक बीकेटीसी को सौंपे गए।

अंबानी परिवार की धामों के प्रति गहरी आस्था: बीकेटीसी अध्यक्ष

बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा कि अंबानी परिवार की भगवान बदरीविशाल और बाबा केदारनाथ के प्रति गहरी आस्था रही है। उन्होंने बताया कि पूर्व वर्षों की तरह इस वर्ष भी मुकेश अंबानी ने 10 करोड़ रुपये का दान देकर मंदिर समिति के कार्यों में सहयोग किया है। उन्होंने इसके लिए अंबानी परिवार का आभार व्यक्त किया।

बदरीनाथ धाम में पदाधिकारियों ने किया स्वागत

बदरीनाथ धाम में बीकेटीसी के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, सदस्य धीरज मौनू पंचभैया, रजनीश भट्ट, मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़, प्रभारी अधिकारी गिरीश चौहान सहित अन्य पदाधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने मुकेश अंबानी का स्वागत किया और उनके सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।

केदारनाथ धाम में भी रहा भव्य स्वागत

केदारनाथ धाम में बीकेटीसी के उपाध्यक्ष विजय कपरवाण, सदस्य डॉ. विनीत पोस्ती, प्रभारी अधिकारी विपिन तिवारी, केदार सभा अध्यक्ष राजकुमार तिवारी तथा अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। इस दौरान मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने मुकेश अंबानी का स्वागत कर उनके योगदान की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *