राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन के बाद अब प्रदेश में जमीनी स्तर पर खेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में आगे बढ़ रही है। इसी क्रम में राज्य सरकार ने प्रदेश के हर ब्लॉक में मिनी स्टेडियम का निर्माण करने का निर्णय किया है।
मुख्यमंत्री ने यह जानकारी उत्तराखंड विधानसभा बजट सत्र 2026 के तीसरे दिन सदन में दी। उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में प्रत्येक ब्लॉक में मिनी स्टेडियम के निर्माण के लिए विशेष प्रावधान किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2025 में उत्तराखण्ड ने 38वें राष्ट्रीय खेल की सफल मेजबानी की थी। इस आयोजन में प्रदेश के खिलाड़ियों ने 103 पदक जीतकर अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी किया।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय खेलों के आयोजन के लिए राज्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर का खेल आधारभूत ढांचा विकसित किया गया है। सरकार ने लेगेसी पॉलिसी तैयार कर इन खेल परिसरों का उपयोग भविष्य में स्पोर्ट्स एकेडमी के रूप में करने का निर्णय लिया है, ताकि प्रदेश के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं मिल सकें। इस संबंध में शासन स्तर पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल प्रतिभाओं को गांव और ब्लॉक स्तर पर बेहतर अवसर देने के लिए हर ब्लॉक में मिनी स्टेडियम का निर्माण एक महत्वपूर्ण पहल है।
सरकार के अनुसार पर्वतीय क्षेत्रों में एक मिनी स्टेडियम के लिए लगभग 1.18 एकड़ भूमि की आवश्यकता होगी। इसके निर्माण के लिए 1 करोड़ 70 लाख रुपये की धनराशि का प्रावधान किया गया है।
सरकार का मानना है कि इस पहल से प्रदेश के ग्रामीण और पर्वतीय क्षेत्रों में भी खेल प्रतिभाओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और उत्तराखंड में खेल संस्कृति को नई मजबूती मिलेगी।
