Uttarakhand: उत्तराखण्ड पुलिस की बड़ी कार्रवाई, फायरिंग कांड में तीन और गिरफ्तार, इनामी अपराधी भी दबोचा

उत्तराखण्ड पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विभिन्न आपराधिक मामलों में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। राजपुर क्षेत्र में हुई फायरिंग और हत्या की घटना में देहरादून पुलिस ने तीन और अभियुक्तों में आदेश गिरी (शामली, उप्र), समीर चौधरी (हरिद्वार) और मोहित अरोड़ा (नई दिल्ली) को गिरफ्तार किया है। इस मामले में पहले ही चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका था।

इसके अलावा महाराष्ट्र में हुई 18.5 लाख रुपये की डकैती के मामले में फरार चल रहे अभियुक्त योगेश रमेश लहारे (जिला रायगढ़, महाराष्ट्र) को देहरादून और महाराष्ट्र पुलिस की संयुक्त टीम ने ऋषिकेश क्षेत्र से गिरफ्तार किया है।

इसी क्रम में उड़ीसा के कटक जनपद से जेल तोड़कर फरार हुए एक लाख रुपये के इनामी अपराधी राजा साहनी (जिला बेगूसराय, बिहार) को टिहरी और देहरादून पुलिस की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।

अतिक्रमण के खिलाफ भी पुलिस का अभियान लगातार जारी है। देहरादून पुलिस ने ट्रैफिक पुलिस और कैंटोनमेंट बोर्ड के सहयोग से डाकरा बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की।

पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने बताया कि ऑपरेशन प्रहार के तहत पूरे प्रदेश में सघन चेकिंग और सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। संवेदनशील स्थानों और बैरियरों पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गहन जांच की जा रही है।

उन्होंने बताया कि जनसुरक्षा के मद्देनजर पीजी, हॉस्टल, होटल, आश्रम और धर्मशालाओं में ठहरने वाले लोगों का सत्यापन किया जा रहा है। साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लगातार चालान और वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं आमजन में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *