उत्तराखण्ड पुलिस सेवा के लिए एक गर्व का अवसर सामने आया है। प्रदेश कैडर के आईपीएस अधिकारी लोकेश्वर सिंह का चयन संयुक्त राष्ट्र (यूएन) से संबद्ध एक अंतरराष्ट्रीय संगठन में हुआ है। वर्तमान में ये पौड़ी एसएसपी के पद पर कार्यरत है।
यह चयन एक कठिन और प्रतिस्पर्धी अंतरराष्ट्रीय प्रक्रिया के माध्यम से किया गया है, जिसमें विश्वभर के योग्य अधिकारी भाग लेते हैं। इस चयन के साथ ही उत्तराखण्ड पुलिस ने एक बार फिर वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान को नई ऊंचाई दी है।
लोकेश्वर सिंह 2014 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी है। उन्होंने अपने अब तक के 11 वर्षों के कार्यकाल में उत्तराखण्ड पुलिस के विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य करते हुए राज्य की कानून-व्यवस्था और जनसुरक्षा को सुदृढ़ करने में अहम भूमिका निभाई है।
उन्होंने हरिद्वार, देहरादून, बागेश्वर, चंपावत और पिथौरागढ़ जैसे जिलों में कार्य किया है। वर्तमान में पौड़ी जनपद की पुलिस व्यवस्था का नेतृत्व कर रहे हैं।
संयुक्त राष्ट्र से संबद्ध इस अंतरराष्ट्रीय संगठन में लोकेश्वर सिंह की भूमिका संस्थागत अखंडता, शांति स्थापना और सतत विकास जैसे वैश्विक उद्देश्यों को आगे बढ़ाने से जुड़ी होगी।
उनकी नियुक्ति से न केवल उत्तराखण्ड बल्कि पूरे देश की पुलिस सेवा को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी।
वे जल्द ही राज्य सरकार और पुलिस मुख्यालय से आवश्यक अनुमोदन के लिए आवेदन प्रस्तुत करेंगे। अनुमोदन प्राप्त होने के बाद वे उत्तराखण्ड कैडर से कार्यमुक्त होकर इस अंतरराष्ट्रीय संगठन में अपनी नई जिम्मेदारी संभालेंगे।
लोकेश्वर सिंह के इस चयन से उत्तराखण्ड पुलिस में गर्व और उत्साह का माहौल है।
राज्य सरकार और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने इसे प्रदेश की पुलिस सेवा की उत्कृष्टता और समर्पण की पहचान बताया है।
उनकी यह उपलब्धि न केवल व्यक्तिगत स्तर पर बल्कि उत्तराखण्ड पुलिस के पेशेवर कौशल और प्रतिबद्धता का भी प्रमाण है।