केदारनाथ धाम यात्रा के द्वितीय चरण के लिए मंगलवार से हेली सेवाएं शुरू हो गईं। वर्तमान में आठ हेली कंपनियां श्रद्धालुओं को हवाई सेवा उपलब्ध करा रही हैं। हालांकि, बारिश और प्रतिकूल मौसम के चलते पहले दिन हेली सेवाएं प्रभावित रहीं। सितंबर-अक्तूबर में कोहरे और खराब मौसम के कारण सेवाएं प्रभावित होने की संभावना बनी रहती है।
इधर, रुद्रप्रयाग पुलिस ने श्रद्धालुओं को साइबर ठगों से सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि हेली टिकट की बुकिंग केवल अधिकृत वेबसाइट से ही करें। फेसबुक, इंस्टाग्राम के विज्ञापनों, व्हाट्सएप कॉल या मैसेज और गूगल सर्च से मिले किसी अन्य लिंक अथवा वेबसाइट के जरिये टिकट बुक न करें। ऐसे लिंक के माध्यम से बुकिंग करने पर श्रद्धालु साइबर ठगी का शिकार हो सकते हैं।
पुलिस ने श्रद्धालुओं से सतर्क और सुरक्षित रहने तथा हेली टिकट के लिए केवल अधिकृत माध्यम का इस्तेमाल करने की अपील की है।
