विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत अनमैप्ड और विसंगति वाले 24 लाख मतदाताओं को जारी नोटिसों में से 15 लाख से अधिक की सुनवाई पूरी हो चुकी है। शेष मामलों में कार्रवाई जारी है। अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने शुक्रवार को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक में यह जानकारी दी।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम के निर्देश पर आयोजित बैठक में एसआईआर प्रक्रिया को लेकर राजनीतिक दलों के सुझाव लिए गए। डॉ. जोगदंडे ने बताया कि ड्राफ्ट रोल में कुल 71 लाख मतदाता शामिल हैं। इनमें अनमैप्ड और विसंगति वाले 24 लाख मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए थे।

उन्होंने कहा कि एसआईआर की पूरी प्रक्रिया नियमानुसार संपादित की जा रही है। प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए नौ वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों को पर्यवेक्षण अधिकारी के तौर पर अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है।

बैठक में सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास समेत भाजपा, कांग्रेस, बसपा, आम आदमी पार्टी और सीपीआई (एम) के प्रतिनिधि मौजूद रहे। राजनीतिक दलों ने पुनरीक्षण प्रक्रिया को लेकर अपने सुझाव भी दिए।