चारधाम यात्रा से पहले जनपद रुद्रप्रयाग में व्यापक आपदा प्रबंधन मॉक ड्रिल का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस दौरान प्रशासन, पुलिस और विभिन्न एजेंसियों ने संभावित आपदाओं से निपटने की अपनी तैयारियों को परखा।
मॉक ड्रिल में उत्तराखण्ड पुलिस, SDRF सहित अन्य विभागों की टीमों ने सक्रिय भागीदारी की। अभ्यास के दौरान भूस्खलन, फ्लैश फ्लड, बस दुर्घटना, हेलीकॉप्टर इमरजेंसी और यात्रियों के रेस्क्यू जैसे विभिन्न आपदा परिदृश्यों का वास्तविक अभ्यास किया गया।
जनपद पुलिस टीम ने चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और निर्बाध बनाने के लिए सभी व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की। विभिन्न परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया, राहत एवं बचाव कार्यों की क्षमता का प्रदर्शन करते हुए टीमों ने अपनी तत्परता दिखाई।
अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार की मॉक ड्रिल का उद्देश्य किसी भी आपात स्थिति में त्वरित और समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित करना है, ताकि यात्रियों की सुरक्षा में कोई कमी न रह जाए।
प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि चारधाम यात्रा के दौरान सुरक्षा, आपदा प्रबंधन और यात्री सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।
