स्पेशल टास्क फोर्स उत्तराखण्ड और दून पुलिस की संयुक्त टीम ने डालनवाला क्षेत्र में हुए विक्रम शर्मा हत्याकांड का पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में दो अभियुक्तों को अलग-अलग प्रांतों से गिरफ्तार किया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि हत्या की साजिश कई महीनों पहले रची गई थी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने फरार होने के लिए हरिद्वार से किराये पर ली गई बाइक, स्कूटी और स्कॉर्पियो वाहन का इस्तेमाल किया।
तकनीकी साक्ष्यों से खुली साजिश
लगातार सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण, सर्विलांस और अन्य तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही। गहन पड़ताल के बाद पूरी साजिश का खुलासा किया गया।
आरोपियों पर था इनाम घोषित
फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए देहरादून पुलिस द्वारा प्रत्येक पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। संयुक्त टीम की सक्रियता और सतत निगरानी के चलते आखिरकार दोनों अभियुक्तों को दबोच लिया गया।
पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है और अन्य संभावित संलिप्त लोगों की भी जांच की जा रही है।
