Uttarakhand: 16 फरवरी को कांग्रेस का राजभवन घेराव, तैयारियों को लेकर देहरादून में बैठक

अखिल भारतीय कांग्रेस के आह्वान पर 16 फरवरी को प्रस्तावित राजभवन घेराव कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक सोमवार को देहरादून स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने की।

वरिष्ठ नेताओं ने दिए सुझाव, तैयारियों की समीक्षा

बैठक में वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने के लिए अपने-अपने सुझाव रखे और अब तक की गई तैयारियों की जानकारी साझा की। पार्टी पदाधिकारियों ने बताया कि कार्यक्रम में राज्यभर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।

जनहित के मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने की तैयारी

निवर्तमान मीडिया प्रभारी राजीव महर्षि ने जानकारी देते हुए बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर आयोजित इस कार्यक्रम में भाजपा सरकार की नीतियों और प्रदेश के समसामयिक मुद्दों को लेकर आवाज उठाई जाएगी।

उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में कानून व्यवस्था की स्थिति, महिलाओं पर बढ़ते अपराध, बेरोजगारी, तथा ग्रामीण क्षेत्रों में जंगली जानवरों के हमलों जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।

प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की नीतियों से आम जनता परेशान है और प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से 16 फरवरी को होने वाले राजभवन घेराव कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।

परेड ग्राउंड का किया निरीक्षण

बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष सहित अन्य नेताओं ने परेड ग्राउंड स्थित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

बैठक में प्रदेश महामंत्री राजेंद्र भंडारी, राजेंद्र शाह, महानगर अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी, प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह, अभिनव थापर, राजेश चमोली, संजय शर्मा, अमरजीत सिंह, प्रीतम आर्य, प्रशांत खंडूरी, सुनित सिंह राठौर, मोहन काला, अनिल नेगी सहित अनेक कांग्रेस नेता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *