Uttarakhand: जनसमस्याओं को लेकर कांग्रेस ने किया गैरसैंण विधानसभा घेराव, प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त

प्रदेश की जनसमस्याओं को लेकर कांग्रेस ने गैरसैंण विधानसभा भवन घेराव की। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने घेराव को सफल बनाने के लिए  पार्टी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता जिस उत्साह और जोश के साथ हजारों की संख्या में भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आवाज उठाने के लिए आंदोलनकारियों और शहीदों के सपनों की राजधानी गैरसैंण में एकत्र हुए, वह आने वाले समय के लिए एक बड़ा संदेश है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों और अलोकतांत्रिक कार्यशैली का जवाब आगामी चुनावों में कांग्रेस को पूर्ण बहुमत देकर देगी।

गणेश गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदेश के कोने-कोने से बड़ी संख्या में पहुंचकर विधानसभा घेराव के माध्यम से राज्य सरकार को चेताने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक कार्यक्रम ने स्पष्ट कर दिया है कि प्रदेश की जनता अब बदलाव चाहती है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हाल ही में आयोजित राजभवन घेराव के बाद आज विधानसभा घेराव के इस बड़े आंदोलन ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के संकल्प को और मजबूत किया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता भाजपा सरकार की तानाशाही, जनविरोधी नीतियों और कुशासन से छुटकारा दिलाएगी।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी शहीदों और आंदोलनकारियों के सपनों के अनुरूप गैरसैंण को राजधानी के रूप में विकसित करने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है और भविष्य में इस दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *