Uttarakhand: सीएम धामी ने जनगणना-2027 की स्व-गणना कर की औपचारिक शुरुआत, डिजिटल प्रक्रिया पर दिया जोर

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज मुख्यमंत्री आवास में जनगणना-2027 के अंतर्गत अपनी स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी करते हुए राज्य में इस महत्वपूर्ण अभियान की औपचारिक शुरुआत की। इस मौके पर जनगणना से जुड़े वरिष्ठ अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को डिजिटल प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश पहली बार पूरी तरह डिजिटल जनगणना की ओर बढ़ रहा है, जो पारदर्शिता, सटीकता और जनभागीदारी को सुनिश्चित करेगा। उन्होंने इसे भारत के डिजिटल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

जनगणना-2027 के पहले चरण हाउस लिस्टिंग और हाउसिंग जनगणना के तहत आवासीय स्थिति, सुविधाओं और घरेलू विवरणों से जुड़ी जानकारी एकत्र की जा रही है। इस बार नागरिकों को स्व-गणना की सुविधा दी गई है, जिसके माध्यम से वे ऑनलाइन पोर्टल पर स्वयं अपने परिवार का विवरण दर्ज कर सकते हैं, जिससे प्रक्रिया अधिक सरल और त्रुटिरहित बनेगी।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनगणना कार्य को समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी ढंग से संपन्न किया जाए। उन्होंने कहा कि जनगणना के आंकड़े राज्य और देश की नीतियों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, इसलिए इसकी शुद्धता और विश्वसनीयता अत्यंत आवश्यक है।

सीएम धामी ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे इस राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय भागीदारी करें और स्व-गणना के माध्यम से अपनी जानकारी स्वयं दर्ज करें। उन्होंने कहा कि इससे न केवल जनभागीदारी बढ़ेगी, बल्कि भविष्य की योजनाओं को अधिक प्रभावी बनाने में भी मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने यह भी आश्वस्त किया कि जनगणना के दौरान एकत्रित सभी आंकड़ों की सुरक्षा के लिए कड़े प्रावधान किए गए हैं और इनका उपयोग केवल सांख्यिकीय उद्देश्यों के लिए ही किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि यह पहल उत्तराखण्ड में डिजिटल सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के साथ-साथ प्रशासनिक पारदर्शिता को भी मजबूत करेगी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी गीता धामी, निदेशक (जनगणना संचालन) ईवा श्रीवास्तव सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *