Independence Day: स्वतंत्रता दिवस पर मुख्यमंत्री ने की कई महत्वपूर्ण घोषणाएं, वीर बलिदानियों को दी श्रद्धांजलि

79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर परेड ग्राउंड देहरादून में आयोजित राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ध्वजारोहण कर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन किया और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट सेवा व प्रदर्शन करने वाले पुलिस अधिकारियों, फायर सर्विस कर्मियों तथा खिलाड़ियों को सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री ने इनको किया सम्मानित

मुख्यमंत्री ने अपर पुलिस महानिदेशक अजय प्रकाश अंशुमान को राष्ट्रपति विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया, जबकि सराहनीय सेवा पदक और विशिष्ट कार्य पदक से कई अन्य पुलिस कर्मियों को नवाजा गया। खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों प्रिया राणा, मनीषा चौहान, राहुल सरनालिया, अमीषा चौहान, विशम कश्यप, अमित बेलवाल और महक चौहान को भी सम्मान मिला।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने ये महत्वपूर्ण घोषणाएं

  • मिड-डे मील योजना के अंतर्गत जिन विद्यालयों में गैस सिलेंडर और चूल्हा उपलब्ध नहीं हैं, वहां राज्य सरकार दो गैस सिलेंडर और एक चूल्हा उपलब्ध कराएगी।
  • पेयजल आपूर्ति में कठिनाई वाले विधानसभा क्षेत्रों में प्रत्येक क्षेत्र में 10 हैंडपंप स्थापित होंगे।
  • ग्राम चौकीदार एवं ग्राम प्रहरी के मानदेय में ₹1,000 और सैनिक कल्याण विभाग के ब्लॉक प्रतिनिधियों के मानदेय में ₹2,000 की वृद्धि होगी।
  • दूरस्थ व रोजगारमूलक उच्च शिक्षा के लिए जनपद स्तर पर विशेष शैक्षणिक केंद्र स्थापित होंगे, जिनका संचालन उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय करेगा।
  • गंगोत्री ग्लेशियर समेत अन्य हिमालयी ग्लेशियरों का नियमित अध्ययन और आपदा प्रबंधन विभाग को और सशक्त किया जाएगा।

धराली समेत आपदाग्रस्त क्षेत्रों के प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त

मुख्यमंत्री ने उत्तरकाशी के धराली समेत आपदाग्रस्त क्षेत्रों के प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में सेना, आईटीबीपी, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और राज्य सरकार के विभागों ने राहत व बचाव कार्य में अदम्य साहस दिखाया है। उन्होंने पुनर्वास कार्यों को तेज गति से आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया।

चुनौतियों के बावजूद सशक्त और आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ रहा देश

मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी की गौरवपूर्ण यात्रा में देश अनेक चुनौतियों के बावजूद सशक्त और आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ा है। उन्होंने वर्ष 2047 तक भारत को पूर्ण विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को दोहराया।

कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री व महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, राज्यसभा सांसद महेन्द्र भट्ट, नरेश बंसल, विधायक खजानदास, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, डीजीपी दीपम सेठ और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *