मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को वर्चुअल माध्यम से प्रदेश के मंत्रीगण, विधायकगण एवं अन्य जनप्रतिनिधियों से संवाद किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि 22 सितम्बर से देशभर में जीएसटी की नई दरें लागू होंगी।
इस ऐतिहासिक निर्णय के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार व्यक्त किया।
22 से 29 सितम्बर तक जागरूकता अभियान
मुख्यमंत्री ने कहा कि नई दरों का लाभ आम जनता और व्यापारिक समुदाय तक शीघ्रता से पहुँचे, इसके लिए प्रदेश में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
- प्रभारी मंत्री अपने-अपने जनपदों में
- विधायकगण अपनी-अपनी विधानसभाओं में
इस अभियान का नेतृत्व करेंगे।
प्रदेश की आर्थिकी को मजबूती
मुख्यमंत्री ने कहा कि संशोधित जी.एस.टी. दरें राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत करेंगी और “वोकल फ़ॉर लोकल” तथा “लोकल टू ग्लोबल” की दिशा में गति देंगी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड का अंब्रेला ब्रांड “हाउस ऑफ हिमालयाज”, जीआई टैग प्राप्त 27 उत्पाद, एक जनपद दो उत्पाद योजना तथा स्थानीय हस्तशिल्प और कृषि उत्पादों को नए कर ढांचे से बढ़ावा मिलेगा। इससे स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे और आत्मनिर्भर उत्तराखंड का सपना साकार होगा।
व्यापक स्तर पर जनभागीदारी
मुख्यमंत्री ने सभी विभागों और निकायों को अभियान की सफलता के लिए निरंतर प्रयास करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि ग्राम सभाओं और नगर निकायों की बैठकों के माध्यम से ग्रामीणों और शहरी नागरिकों को विस्तृत जानकारी दी जाए। साथ ही नुक्कड़ नाटकों, लोकगीतों और सांस्कृतिक माध्यमों के जरिये संदेश को सरल और प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुँचाया जाए।
व्यापार और उपभोक्ताओं को लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि नई दरों से न केवल व्यापार सुगमता बढ़ेगी बल्कि उपभोक्ताओं और उत्पादकों दोनों को लाभ मिलेगा। छोटे-छोटे उद्यमी भी राष्ट्रीय और वैश्विक बाजारों से जुड़ सकेंगे।
बैठक में मौजूद
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने जीएसटी की नई दरों से आमजन और व्यवसायियों को होने वाले लाभ के बारे में विस्तार से जानकारी दी। बैठक में राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, रेखा आर्या, विधायकगण एवं अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
