मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को शारदीय नवरात्र की महानवमी पर मुख्यमंत्री आवास में विधि-विधान से हवन और पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर उन्होंने मां दुर्गा के नौ स्वरूपों के प्रतीक के रूप में नौ कन्याओं का पूजन कर उनका आशीर्वाद लिया। मुख्यमंत्री ने मां भगवती से प्रदेश की उन्नति और प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
मुख्यमंत्री धामी ने महानवमी के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नवरात्र का पर्व मातृशक्ति की आराधना और देश की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि कन्या पूजन मातृशक्ति के प्रति श्रद्धा और सम्मान का भाव रखने की प्रेरणा देता है।

