मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चंपावत में सशक्त बहना उत्सव-2026 में 62.97 करोड़ रुपये की लागत वाली 50 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के लिए सड़क, पेयजल, सिंचाई, बाढ़ सुरक्षा और झूला पुल समेत कई नई विकास योजनाओं की घोषणा भी की।
रक्षाबंधन के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चंपावत के धूरा रामलीला मैदान में कुमाऊंनी भाषा में मातृशक्ति से संवाद करते हुए कहा कि वह अपनी माताओं, बहनों, बेटियों और भांजियों के बीच अपने घर आए हैं। उन्होंने महिलाओं से रक्षा सूत्र बंधवाकर सभी प्रदेशवासियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।
सड़क, पेयजल और बाढ़ सुरक्षा पर रहेगा फोकस
मुख्यमंत्री ने धूरा में पेयजल योजना, धूरा-सेतीचौड़ ब्याला संपर्क मार्ग, बूंगा दुर्गापीपल तक सड़क, दयारतोली विद्यालय तक सीसी मार्ग, विभिन्न मंदिरों के सौंदर्यीकरण, लदिया नदी पर झूला पुल, दियूरी-चौड़ा सड़क के सुधारीकरण, सिंचाई के लिए नलकूप और कई क्षेत्रों में भूकटाव व बाढ़ सुरक्षा के लिए वायरक्रेट कार्य कराने की घोषणा की।
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर सरकार का जोर
सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड की पहचान केवल हिमालय और प्राकृतिक सौंदर्य से नहीं, बल्कि यहां की मेहनती, साहसी और आत्मनिर्भर मातृशक्ति से भी है। सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक स्वावलंबन के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य लखपति दीदियों को आगे बढ़ाकर करोड़पति दीदी बनाना है और स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराया जा रहा है।
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की प्रदर्शनियों का निरीक्षण किया। बाल विकास विभाग के स्टॉल पर उन्होंने छोटी बच्चियों के साथ केक काटकर बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का संदेश भी दिया।
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
