मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को आंध्रप्रदेश के अन्नामय्या जिले के मदनपल्ली में भारत रत्न व पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने भाजपा की अटल–मोदी सुशासन यात्रा में भाग लेते हुए जनसभा को संबोधित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मशताब्दी वर्ष के पावन अवसर पर आयोजित इस यात्रा में शामिल होना उनके लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि श्रद्धेय अटल जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्रभक्ति, लोकतांत्रिक मूल्यों और मानवीय संवेदनाओं का जीवंत उदाहरण रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल जी के नेतृत्व में देश ने पोखरण परमाणु परीक्षण, स्वर्णिम चतुर्भुज परियोजना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और दूरसंचार क्रांति जैसी ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल कीं। गठबंधन सरकार का सफल संचालन कर उन्होंने यह सिद्ध किया कि राष्ट्रहित सर्वोपरि हो तो सभी राजनीतिक दल मिलकर विकास की दिशा में काम कर सकते हैं।
धामी ने कहा कि अटल जी की प्रेरणा से ही आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश सुशासन, गरीब कल्याण और राष्ट्र निर्माण के पथ पर निरंतर आगे बढ़ रहा है। ‘स्टार्टअप इंडिया’, ‘मेक इन इंडिया’, ‘डिजिटल इंडिया’ और ‘वोकल फॉर लोकल’ जैसी योजनाओं के माध्यम से भारत आत्मनिर्भर बन रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज भारत न केवल विश्व की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो रहा है, बल्कि रक्षा, अंतरिक्ष और अवसंरचना के क्षेत्र में भी नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने बताया कि मोदी सरकार के कार्यकाल में देश के 99 प्रतिशत गांव सड़कों से जुड़ चुके हैं और स्वास्थ्य, शिक्षा व परिवहन क्षेत्रों में ऐतिहासिक परिवर्तन हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सनातन संस्कृति और धार्मिक धरोहरों के संरक्षण के लिए मोदी सरकार ने अभूतपूर्व कार्य किए हैं। अयोध्या में श्रीराम मंदिर, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, उज्जैन में महाकाल लोक और बद्रीनाथ–केदारनाथ धाम का पुनर्निर्माण इसके सशक्त उदाहरण हैं।
उन्होंने अनुच्छेद 370 की समाप्ति, ट्रिपल तलाक उन्मूलन, नागरिकता संशोधन अधिनियम और वक्फ संशोधन जैसे निर्णयों को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इनसे ‘एक भारत–श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को मजबूती मिली है।
मुख्यमंत्री धामी ने आंध्रप्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू के नेतृत्व में हो रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि पोलावरम परियोजना, औद्योगिक शहरों, नाइट विजन फैक्ट्री और सेमीकंडक्टर इकाइयों से राज्य तेजी से प्रगति कर रहा है।
उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी की प्रेरणा से ही उत्तराखंड राज्य का निर्माण संभव हुआ। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, स्टार्टअप और सुशासन के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बन रहा है। राज्य में समान नागरिक संहिता लागू करना, धर्मांतरण विरोधी कानून और लैंड जिहाद के खिलाफ सख्त कदम इसी सोच का परिणाम हैं।
