द्वितीय केदार भगवान मध्यमहेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली तीसरे पड़ाव ग्राम गिरिया पहुंची। यहां ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने डोली का भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर मंदिर के प्रधान पुजारी शिव शंकर लिंग ने वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ भगवान मध्यमहेश्वर की विशेष पूजा-अर्चना की। इस दौरान विश्व कल्याण और जनकल्याण के साथ सभी के सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना की गई।

डोली के गिरिया पहुंचने पर धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया। प्रधान पुजारी ने भगवान भोलेनाथ की आराधना करते हुए श्रद्धालुओं की सुख-समृद्धि और सभी कष्टों के निवारण की प्रार्थना की। पूजा के दौरान महामृत्युंजय मंत्र सहित विभिन्न वैदिक मंत्रों का उच्चारण किया गया।

इस अवसर पर भगवान शिव से प्रार्थना की गई कि सभी प्राणी सुखी और निरोग रहें तथा विश्व में शांति और कल्याण बना रहे। डोली यात्रा के दौरान ग्रामीणों में विशेष उत्साह और श्रद्धा का माहौल रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान मध्यमहेश्वर के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।

हर-हर महादेव और जय श्री मध्यमहेश्वर के जयकारों से पूरा क्षेत्र शिवमय हो उठा।