मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड की लोक संस्कृति और पारंपरिक विरासत को सहेजना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। नई पीढ़ी को अपनी बोली-भाषा, लोकगीत, लोकनृत्य और पारंपरिक त्योहारों से जोड़ना जरूरी है, ताकि प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान सुरक्षित रह सके। मुख्यमंत्री ने यह बात मुख्यमंत्री आवास में ईगास की पूर्व संध्या पर आयोजित कार्यक्रम में कही। इस दौरान उन्होंने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ भैलो खेलकर ईगास पर्व मनाया।

कार्यक्रम में पारंपरिक लोकगीतों और लोकनृत्यों की प्रस्तुतियों ने पहाड़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की झलक दिखाई। राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायकगण, जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को ईगास की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व हमारी लोक संस्कृति, आस्था और सामूहिक उल्लास का प्रतीक है। भैलो खेलने, लोकगीत गाने और पारंपरिक नृत्य करने की परंपरा आपसी प्रेम, भाईचारे और एकजुटता का संदेश देती है।

उन्होंने कहा कि आधुनिकता के दौर में बच्चों और युवाओं को ईगास, हरेला, फूलदेई, घी संक्रांति और उत्तरायणी जैसे लोकपर्वों के महत्व से परिचित कराना होगा। गांवों में होने वाले मेलों और सांस्कृतिक आयोजनों में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने की जरूरत है।

धामी ने कहा कि प्रवासी उत्तराखंडी भी देश-दुनिया में अपने पारंपरिक त्योहार मनाकर प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को आगे बढ़ा रहे हैं। राज्य सरकार लोककलाओं, लोकभाषाओं, पारंपरिक मेलों और ऐतिहासिक विरासत के संरक्षण के लिए प्रयासरत है। उन्होंने लोगों से स्थानीय कलाकारों और शिल्पकारों को प्रोत्साहित करने के साथ अपनी परंपराओं को जीवनशैली का हिस्सा बनाने की अपील की।