कुंभ मेला-2027 को सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए उत्तराखंड पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार की जा रही है। मेला क्षेत्र की निगरानी इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी), सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन और एंटी-ड्रोन तकनीक से की जाएगी।

पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ के निर्देशन में हरिद्वार में एडीजी कानून व्यवस्था वी. मुरुगेसन और एडीजी प्रशासन एपी अंशुमान की संयुक्त अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक हुई। इसमें प्रमुख स्नान पर्वों के दौरान सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और आपातकालीन व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।

बैठक में आतंकवाद, संगठित अपराध और साइबर खतरों से निपटने के लिए बहुस्तरीय सुरक्षा रणनीति पर चर्चा हुई। साथ ही सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय और प्रभावी अभिसूचना तंत्र विकसित करने पर जोर दिया गया।

निर्माणाधीन पुलिस भवनों को समय से पूरा करने के निर्देश

यातायात, पार्किंग, रेलवे सुरक्षा, जीआरपी और अग्निशमन व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने पुलिस बल की तैनाती, प्रशिक्षण, आवासीय सुविधाओं और निर्माणाधीन पुलिस भवनों को समय से पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक के बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने मेला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण भी किया।

स्नान पर्वों पर भीड़ नियंत्रण की होगी विशेष व्यवस्था

कुंभ के प्रमुख स्नान पर्वों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस ने विशेष भीड़ प्रबंधन योजना तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। श्रद्धालुओं की आवाजाही, आपातकालीन निकासी और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कार्ययोजना की समीक्षा की गई। यातायात और पार्किंग व्यवस्था को भीड़ के अनुरूप व्यवस्थित करने पर जोर दिया गया।

आतंकवाद और साइबर खतरों से निपटने को बनेगी रणनीति

कुंभ मेला-2027 में आतंकवाद, संगठित अपराध और साइबर सुरक्षा से जुड़ी चुनौतियों से निपटने के लिए पुलिस बहुस्तरीय सुरक्षा रणनीति तैयार करेगी। सुरक्षा एजेंसियों के बीच समन्वय मजबूत करने और प्रभावी अभिसूचना तंत्र विकसित करने पर भी जोर दिया गया।

पुलिस बल की तैनाती और प्रशिक्षण पर फोकस

कुंभ के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ जवानों के विशेष प्रशिक्षण की व्यवस्था की जाएगी। पुलिसकर्मियों के आवास, आवश्यक संसाधनों और निर्माणाधीन पुलिस भवनों की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूरी करने के निर्देश दिए।