मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश की पांच लाख से अधिक महिलाओं को बैणी-भुली योजना के माध्यम से आर्थिक संबल दिया जाएगा। योजना की पहली किस्त दिसंबर में लाभार्थियों के बैंक खातों में हस्तांतरित की जाएगी। मुख्यमंत्री ने मंगलवार को चमोली के पीपलकोटी में आयोजित मातृशक्ति सम्मेलन में यह घोषणा की। इस दौरान उन्होंने चमोली जिले में 149.77 करोड़ रुपये की 30 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मातृशक्ति उत्तराखंड की सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक प्रगति की आधारशिला है। पहाड़ की महिलाएं परिवार के पालन-पोषण के साथ कृषि, पशुपालन, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने चिपको आंदोलन का उल्लेख करते हुए कहा कि चमोली की धरती से गौरा देवी और उनकी साथी महिलाओं ने पर्यावरण संरक्षण का जो संदेश दिया, वह आज भी पूरी दुनिया के लिए प्रेरणास्रोत है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। सरकारी सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण और सहकारी समितियों में 33 प्रतिशत आरक्षण दिया जा रहा है। समान नागरिक संहिता लागू कर महिलाओं के समान अधिकार सुनिश्चित करने की दिशा में भी कदम उठाया गया है। नंदा गौरा योजना के तहत बेटी के जन्म पर 11 हजार रुपये और 12वीं उत्तीर्ण करने पर 51 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले चार वर्षों में चमोली जिले के नौ विकासखंडों में 900 से अधिक अत्यंत गरीब परिवारों की महिलाओं को विभिन्न योजनाओं के माध्यम से तीन करोड़ रुपये से अधिक की सहायता दी गई है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, जनधन योजना और प्रत्यक्ष लाभ अंतरण जैसी पहलों ने भी महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है।
इससे पहले पीपलकोटी पहुंचने पर महिलाओं ने पारंपरिक वाद्ययंत्रों, कलश यात्रा और पुष्पवर्षा के साथ मुख्यमंत्री का स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने रोड शो के दौरान लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। सम्मेलन स्थल पर उन्होंने विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया और महिलाओं के साथ सिलबट्टे पर पहाड़ी नमक पीसा। उन्होंने जांदरा से अनाज पीसने और मथानी से दही मथने की पारंपरिक गतिविधियों में भी भाग लिया।
मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया। इनमें पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्ति, मौन पालन, खेती, बांस उत्पाद निर्माण, प्राकृतिक खेती, कृषि, खेल और स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से आजीविका के क्षेत्र में योगदान देने वाली महिलाएं शामिल रहीं। हाईस्कूल की मेधावी छात्राओं, कवयित्री सुरभी देवी और मांगल गीत गायिका नन्दा सती को भी सम्मानित किया गया। मिलेट्स उत्पादन में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला किसानों को जिला स्तरीय किसान भूषण पुरस्कार प्रदान किए गए।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने हेलंग-डूंगरी बरोसी मोटर मार्ग, गोपेश्वर-पोखरी मोटर मार्ग और त्रिशूला-भदूड़ा मोटर मार्ग के निर्माण एवं सुधारीकरण की घोषणा भी की। कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, विधायक अनिल नौटियाल और भूपाल राम टम्टा सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

