बस हादसे की उच्चस्तरीय जांच और मृतकों के परिजनों को मुआवजा दे सरकार : गोदियाल
हरीश रावत ने एम्स पहुंचकर घायलों का जाना हाल, बाहरी राज्यों के मृतकों के परिजनों को भी मुआवजा देने की मांग
ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर टिहरी जिले के गूलर क्षेत्र में हुए भीषण बस हादसे को लेकर कांग्रेस ने सरकार से उच्चस्तरीय जांच कराने, मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने और घायलों के उपचार का पूरा खर्च उठाने की मांग की है। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने ऋषिकेश एम्स पहुंचकर हादसे में घायल लोगों का हाल जाना और राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी ली। वहीं, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने पहाड़ी मार्गों पर लगातार हो रहे सड़क हादसों को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की जरूरत बताई।
हरीश रावत और गणेश गोदियाल ने हादसे में लोगों की मौत पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए कहा कि यह हृदयविदारक दुर्घटना कई परिवारों के लिए असहनीय पीड़ा लेकर आई है। इस दुख की घड़ी में पूरा कांग्रेस परिवार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है।
हरीश रावत ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से आग्रह किया कि हादसे में उत्तराखंड के साथ ही बाहरी राज्यों के जिन लोगों की जान गई है, उनके परिजनों को भी उचित मुआवजा दिया जाए। साथ ही सभी घायलों के समुचित उपचार का पूरा खर्च प्रदेश सरकार वहन करे।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि पहाड़ों में इस तरह की सड़क दुर्घटनाएं अभिशाप बनती जा रही हैं। ऐसे हृदयविदारक हादसों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस और प्रभावी उपाय किए जाने चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री से बस दुर्घटना की उच्चस्तरीय जांच कराने और हादसे के कारणों का पता लगाकर जिम्मेदारी तय करने की मांग की।
दोनों नेताओं ने कहा कि इस कठिन समय में कांग्रेस पीड़ित परिवारों के साथ है। उन्होंने ईश्वर से मृतकों की आत्मा की शांति और परिजनों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

