केदारनाथ धाम की यात्रा व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के साथ ही स्थानीय लोगों के हितों, अधिकारों और रोजगार के अवसरों का संरक्षण किया जाएगा। केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने यह बात केदारनाथ धाम पहुंचकर तीर्थपुरोहितों, स्थानीय व्यापारियों और टेंट कैंप संचालकों से संवाद के दौरान कही। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को सुगम और सुरक्षित यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने के साथ स्थानीय लोगों की आजीविका को मजबूत करना भी प्राथमिकता है।
विधायक आशा नौटियाल ने केदारनाथ धाम में बाबा केदारनाथ के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने समस्त क्षेत्रवासियों और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। धाम प्रवास के दौरान उन्होंने तीर्थपुरोहितों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। साथ ही यात्रा से जुड़ी व्यवस्थाओं, धार्मिक परंपराओं और विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि केदारनाथ धाम की धार्मिक परंपराओं, आध्यात्मिक गरिमा और सदियों पुरानी विरासत का संरक्षण सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
इसके बाद विधायक ने स्थानीय व्यापारियों और टेंट कैंप संचालकों के साथ बैठक की। इसमें स्थानीय व्यापारिक गतिविधियों, यात्री सुविधाओं, मूलभूत व्यवस्थाओं, स्थानीय रोजगार और व्यवसाय से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई। विधायक ने कहा कि केदारनाथ यात्रा स्थानीय लोगों की आस्था, आजीविका और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था से गहराई से जुड़ी है। यात्रा की सफलता में तीर्थपुरोहितों, व्यापारियों, टेंट कैंप संचालकों, घोड़ा-खच्चर संचालकों और स्थानीय युवाओं सहित प्रत्येक व्यक्ति का महत्वपूर्ण योगदान है।
उन्होंने कहा कि यात्रा व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए सभी संबंधित पक्षों के बीच समन्वय और संवाद जरूरी है। तीर्थपुरोहितों एवं स्थानीय व्यवसायियों के सुझावों और समस्याओं को संबंधित स्तर पर उठाकर उनके निराकरण के प्रयास किए जाएंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में केदारनाथ धाम की धार्मिक महत्ता, स्थानीय जनभावनाओं और क्षेत्रवासियों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए यात्रा व्यवस्थाओं को सुदृढ़ किया जाएगा।
रिकॉर्ड श्रद्धालुओं से स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिला संबल
टेंट कैंप समिति के अध्यक्ष अनूप राणा ने विधायक आशा नौटियाल और प्रदेश सरकार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस वर्ष रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शनों के लिए पहुंचे, जिससे स्थानीय व्यापारियों, टेंट कैंप संचालकों और यात्रा से जुड़े अन्य लोगों की आजीविका को संबल मिला है। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या से स्थानीय अर्थव्यवस्था भी मजबूत हुई है।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख पंकज शुक्ला, केदार सभा अध्यक्ष राजकुमार तिवारी, बीकेटीसी सदस्य विनीत पोस्ती, संजय तिवारी, रोशन त्रिवेदी, अनूप राणा, हिमांशु तिवारी, केशव बहुगुणा, योगेश प्रसाद, योगेश सेमवाल और निवास चमोला आदि मौजूद रहे।

