राज्य स्वराज पार्टी ने किया ऐलान, सभी 70 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी, महिलाओं को 33 और युवाओं को देंगे 20 फीसदी टिकट

रुद्रप्रयाग। राज्य स्वराज पार्टी के अध्यक्ष बॉबी पंवार चकराता और त्रिभुवन चौहान केदारनाथ विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी रणनीति स्पष्ट करते हुए प्रदेश की सभी 70 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी शुरू कर दी है। शनिवार को रुद्रप्रयाग पहुंचे पार्टी अध्यक्ष बॉबी पंवार ने पत्रकारों से बातचीत में यह ऐलान किया।

जिला मुख्यालय स्थित एक होटल में पत्रकारों से वार्ता करते हुए बॉबी पंवार ने बताया कि वर्ष 2025 में उत्तराखंड स्वाभिमान मोर्चा ने प्रदेश को मजबूत राजनीतिक विकल्प देने की घोषणा की थी। इसी दिशा में अब राज्य स्वराज पार्टी का गठन किया गया है। पार्टी को सभी 70 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव चिह्न भी आवंटित हो गया है। उन्होंने कहा कि जिन सीटों पर पार्टी की स्थिति मजबूत होगी, वहां प्रमुखता से चुनाव लड़ा जाएगा, जबकि अन्य सीटों पर जिताऊ प्रत्याशियों की तलाश की जाएगी।

उन्होंने बताया कि न्याय यात्रा रविवार को चमोली होते हुए कुमाऊं के कपकोट पहुंचेगी। यहां भूपेंद्र कोरंगा चुनाव लड़ने का ऐलान करेंगे। बॉबी पंवार ने कांग्रेस की न्याय यात्रा पर टिप्पणी करते हुए कहा कि कांग्रेस महिलाओं के सम्मान के लिए यात्रा निकाल रही है, जबकि भाजपा के कार्यों से जनता परेशान है। उन्होंने शनिवार को श्रीनगर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान लगे पांच किलोमीटर लंबे जाम का हवाला देते हुए कहा कि इससे आम लोगों को परेशानी उठानी पड़ी।

पार्टी अध्यक्ष ने कहा कि राज्य स्वराज पार्टी महिलाओं को 33 प्रतिशत और युवाओं को 20 प्रतिशत टिकट देगी। गठबंधन के सवाल पर उन्होंने कहा कि पार्टी गठबंधन के लिए तैयार है, लेकिन पूरे उत्तराखंड में एक व्यापक गठबंधन बनने की स्थिति में ही समर्थन दिया जाएगा। अलग-अलग गठबंधन होने पर पार्टी किसी के साथ नहीं जाएगी।

इस दौरान पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।